सोनीपत। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दूसरे चरण के तहत गांव मिमारपुर के ग्राम सचिवालय में जागरूकता शिविर लगाया गया।
शिविर में पैनल अधिवक्ता अरुण कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को नालसा की 13 प्रमुख योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और उनके तहत मिलने वाली कानूनी सहायता एवं सरकारी कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना है। पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठा सकते हैं।
पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) रोहित ने बताया कि अभियान के तहत गांव में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें संबंधित विभागों से जोड़ने में मदद की जाएगी।