अलग-अलग सड़क हादसों में बाइकों की टक्कर से किसान व साइकिल सवार फेरी व्यापारी की मौत हो गई। दोनोें घटनाओं में बाइक सवार भाग निकले। उधर, अलग-अलग हादसों में 6 राहगीर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गौरशिवपुर गांव निवासी किसान चुनबद्दा (36) पुत्र रजोला शनिवार शाम खाद लेने पैदल सहकारी समिति पनगरा गांव गया था। बांदा नरैनी मार्ग पर बांदा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकले। परिजनों के मुताबिक बाइक पर चार युवक सवार थे।
घायल चुनबद्दा को नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बड़े भाई कल्लू ने बताया कि मृतक के नाम 10 बीघा जमीन है और चार भाइयों में छोटा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के गिरधारी पुरवा निवासी बुद्धविलास (26) पुत्र मुन्ना शनिवार को अपनी ससुराल नरैनी कोतवाली क्षेत्र के जमवारा गांव गया था। रविवार को दोपहर साइकिल पर गांव जाते समय नरैनी और जमवारा गांव के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। सिर पर चोट लगने पर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
राहगीरों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे। सभी बाइक समेत भाग निकले। पत्नी प्रेमता ने बताया कि वह बिसातखाना की फेरी लगाता था। घटना के समय भी साइकिल पर फेरी का सामान लिए था। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। दो साल का एक पुत्र है।