बरियाल (कांगड़ा)। बरियाल पंचायत में पौंग झील के पास घास चरते विस्फोट से घायल हुई पालतू गाय का मामला अभी सुलझा नहीं था कि अब ग्राम पंचायत पनाल्थ में विस्फोट से घास चरतीं दो पालतू गायों के बुरी तरह से घायल होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह विस्फोटक पदार्थ शिकारी बारूद को आटे की छोटी-छोटी गोलियों में भरकर अवैध शिकार के लिए पौंग झील की खाली जमीन पर बिछा देते हैं जिन्हें जंगली जानवर या प्रवासी पक्षी धोखे से मुंह में डालते हैं और विस्फोट से मर जाते हैं। इन बारूद से भरीं आटे की गोलियों से वहां घास चरने वाले पालतू पशु चपेट में आ रहे हैं।
दो दिन पहले पुलिस थाना जवाली के तहत पनाल्थ पंचायत के एक खंडहर मकान में दो गायें घायल अवस्था में मिली थीं। इनके विस्फोटक से जबड़े उड़ गए थे। इसकी सूचना पंचायत प्रधान कैप्टन रमेश ने पुलिस थाना जवाली में दी। पुलिस थाना जवाली की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया वहां पर छह बारूद से भरीं आटे की गोलियां मिलीं। माना जा रहा है कि गायों ने इन गोलियों को जैसे ही मुंह में डाला, उनके फटने से उनके जबड़े उड़ गए। पुलिस ने इन सभी बारूद से भरीं आटे की गोलियों को कब्जे में लेकर एक अज्ञात के नाम प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी ज्वाली बीरी सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि उन बारूद की गोलियों को एफएसएल टीम से सलाह लेकर डिफ्यूज कर दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है की इसी वर्ष छह माह पहले गर्मियों में भी ग्राम पंचायत बरियाल में इसी तरह का मामला सामने आया था जिसमें भी इसी तरह बारूद फटने से एक पालतू गाय का जबड़ा उड़ गया था। बाद में उसकी पालमपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। अभी तक इस मामले की भी जांच पूरी नहीं हो पाई है जबकि यह दूसरा मामला सामने आ गया। दोनों पालतू गायें बुरी तरह से जख्मी हैं।