बहादुरगढ़। सीआईए-2 बहादुरगढ़ की टीम ने अवैध हथियार रखने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक देसी पिस्तौल बरामद किया है। आरोपियों की पहचान विकास नगर, लाइनपार निवासी जतिन और विवेक उर्फ विक्की के रूप में हुई है। विवेक खिलाफ पहल से पांच केस दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना लाइनपार में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के अनुसार, पुलिस टीम बराही फाटक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जतिन बराही रोड पर गंदे नाले के पास अवैध पिस्तौल लेकर खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से देसी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी हथियार का लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका।
बामनौली बस स्टैंड से दूसरा आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम बामनौली बस स्टैंड पर गश्त कर रही थी। युवक विवेक उर्फ विक्की पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसकी लोअर की जेब से देसी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।