झज्जर। बहादुरगढ़ के रेलवे रोड स्थित काठ मंडी में छोटी दीपावली की रात हुई गोलीबारी के नौ साल पुराने मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुखप्रीत सिंह की अदालत ने दो दोषियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
दोषियों राजीव उर्फ बॉबी निवासी नई बस्ती, बहादुरगढ़ और सुमित निवासी गांव रसूलपुर, दिल्ली पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उन्हें एक-एक साल का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार घटना 18 अक्तूबर 2017 को रात करीब 10:30 बजे लाइनपार थाना क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित काठ मंडी में हुई थी। शिकायतकर्ता राकेश अपनी लोहे के गेट बनाने की दुकान पर भाई राजेश और दोस्तों नवीन, बलराज व कृष्ण के साथ दीपावली की पार्टी कर रहा था।
इसी दौरान सफेद रंग की सेंट्रो कार में सवार दो युवक पिस्तौल लेकर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में राजेश के दाएं हाथ, कृष्ण के बाएं हाथ, नवीन के पेट और बलराज के सिर में गोली लगी, जबकि राकेश छर्रे लगने से घायल हो गया। पुलिस जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट अदालत में पेश की। एफएसएल जांच में आरोपी राजीव से बरामद हथियार और घटनास्थल से मिले कारतूसों के निशानों का आपस में मेल होने की पुष्टि हुई।
बचाव पक्ष ने गवाहों के बयानों में विरोधाभास का हवाला देते हुए आरोपियों को बरी करने की मांग की लेकिन अदालत ने घायल गवाहों की गवाही और चिकित्सीय साक्ष्यों को विश्वसनीय माना। अदालत ने दोनों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। फैसले के बाद जमानत पर चल रहे सुमित को हिरासत में लेकर जिला जेल भेज दिया गया।