झज्जर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने उत्पाद खरीदने के नाम पर 47 लाख 5 हजार रुपये की ठगी के मामले में मिजोरम के आइजोल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों लालदुहावमा और सी. लालदिंथारा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मुख्य सिपाही विनोद कुमार की टीम ने बैंक खातों के रिकॉर्ड, लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 20 लाख रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में पहुंचे थे।
इनमें से 15 लाख 59 हजार 500 रुपये मिजोरम रूरल बैंक के उस खाते में स्थानांतरित किए गए जो सी. लालदिंथारा के नाम पर था। जांच में लालदुहावमा की संलिप्तता भी सामने आई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मिजोरम से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर झज्जर लाया। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की फेसबुक पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई थी। बाद में उसे व्हाट्सएप पर संपर्क करने के लिए कहा गया।
बातचीत के दौरान विदेश में कैंसर की दवा बनाने के लिए कैथरैंथस हर्बल नट नामक उत्पाद के 200 पैकेट खरीदने का प्रस्ताव दिया गया। आरोपियों ने उत्पाद उपलब्ध करवाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करवाए।