प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टमेंट समिट में देश की नामी गिरामी निवेशक राज्य में 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान करेंगे।
इन निवेशकों की पंजाब सरकार के विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक के बाद एमओयू पर दस्तखत हो चुके हैं और इसकी औपचारिक घोषणा मोहाली में इन्वेस्टर मीट में होगी।
मोहाली में 9 और 10 दिसंबर को होने वाली इन्वेस्टर मीट की तैयारियों में जुटी पंजाब सरकार कई बड़े उद्योगपतियों को पंजाब में निवेश के लिए राजी कर लिया है। प्रोजेक्ट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के दौरान आने वाली दिक्कतों और कई विभागों से मिलने वाली क्लीयरेंस के चलते होने वाली देरी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट (पीबीआई) का गठन कर अनिरुद्ध तिवारी को इसका सीईओ नियुक्त कर दिया है।
राज्य सरकार के करीब 10 विभाग विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इनमें आबकारी एवं कराधान विभाग, पर्यटन, श्रम, निकाय विभाग, उद्योग, शिक्षा और सेहत सहित अन्य विभाग शामिल हैं। पंजाब सरकार के एक आला अधिकारी ने बताया कि पंजाब सरकार के विभिन्न विभाग निजी निवेशकों के साथ एमओयू पर साइन कर रहे हैं, क्योंकि इन्वेस्टर मीट में इतना समय नहीं होगा।
वहां सिर्फ निवेश और एमओयू साइन होने की घोषणा भर की जानी है। उधर, उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि इन्वेस्टर मीट में करीब 25 हजार करोड़ निवेश होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि हमने निजी निवेशकों के अलावा रेलवे जैसी संस्था के साथ भी एमओयू पर साइन किया है।
निवेशक और उनके प्रोजेक्ट-
निवेशक निवेश (करोड़) प्रोजेक्ट
आईटीसी 680 फूड पार्क कपूरथला
आईटीसी 300 होटल (लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, बठिंडा)
जीएडी लॉजिस्टिक 150 लॉजिस्टिक पार्क (जालंधर)
रेलवे 500 लॉजिस्टिक पार्क (लुधियाना)
दिग्विजय केमिकल 300 अमृतसर यूनिट
12 बासमती राइस मिल्स 1000 पंजाब के विभिन्न जिलों में
ट्राइडेंट 300 बरनाला टेक्सटाइल यूनिट
एमएंडएम 1000 मिल्क प्लांट
कारगिल 250 फीड प्लांट
टीसीएस 1000 मोहाली आईटी पार्क