बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर सड़क किनारे उगी झाड़ियां वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी हैं। बहादुरगढ़ बाईपास से लेकर रोहद तक राजमार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में झाड़ियां उग आई हैं।
नियमित कटाई नहीं होने से कई जगह ये सड़क की ओर फैल गई हैं। इतना ही नहीं, वाहन चालकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगाए गए यातायात संकेतक भी झाड़ियों के बीच छिप गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को दूर से संकेतक दिखाई नहीं देते।
अमर उजाला की ओर से सेक्टर-9 बाईपास से रोहद टोल तक की गई पड़ताल में सामने आया कि राजमार्ग के कई हिस्सों में झाड़ियों का काफी फैलाव है। इनके कारण यातायात संकेतकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है। तेज गति से चलने वाले वाहनों के चालकों को रास्ते से संबंधित जरूरी संकेत समय पर दिखाई देना आवश्यक है, लेकिन झाड़ियों के बीच छिपे संकेतक इस उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही धुंध भी परेशानी बढ़ा सकती है। कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को सड़क और आसपास की स्थिति समझने में दिक्कत होती है। ऐसे में सड़क तक फैली झाड़ियां और छिपे संकेतक हादसों का कारण बन सकते हैं।
एनएचएआई की सोनीपत परियोजना कार्यान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक चिराग मित्तल ने बताया कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों को साफ करवाया जाएगा। यह कार्य धुंध शुरू होने से पहले पूरा करवाया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।
लोगों ने झाड़ियों काटने और सफाई की मांग की
बहादुरगढ़ निवासी प्रदीप यादव, वेद तहलान, राजकुमार अरोड़ा, जयपाल सांगवान और भूप सिंह आदि का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित रूप से झाड़ियों की कटाई और सफाई होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग और राजमार्ग प्रबंधन से बहादुरगढ़ बाईपास से रोहद तक झाड़ियां हटाने और यातायात संकेतकों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने योग्य बनाने की मांग की है। कहना है कि धुंध बढ़ने से पहले जरूरी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
फोटो-51: बहादुरगढ़ बाईपास पर सड़क किनारे उगी झाड़ियां। संवाद