-फोटो 54 : कैंप में भाग लेते बच्चे व महिलाएं। स्रोत संस्था
बहादुरगढ़। इस्कॉन बहादुरगढ़ के गोपाल्स गार्डन स्कूल द्वारा आयोजित 6 दिवसीय समर कैंप का समापन हो गया। आध्यात्मिकता, संस्कार, रचनात्मकता और वैदिक शिक्षा पर आधारित इस शिविर में 5 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 75 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। समापन समारोह में उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।
2 जून से शुरू हुए इस विशेष समर कैंप की थीम “प्रकृति की पाठशाला” रही। शिविर में बच्चों को श्रीमद्भागवतम् में वर्णित 24 गुरुओं की प्रेरक शिक्षाओं से परिचित कराया गया। इसके माध्यम से उन्होंने प्रकृति से सीखने, आत्म-विकास, अनुशासन, सेवा-भाव और आध्यात्मिक उन्नति के सिद्धांत सीखे।
शिविर में प्रतिदिन वैदिक कथाएं, कला एवं शिल्प, नाट्य प्रस्तुति, मंत्र ध्यान, योग, नैतिक खेल, कीर्तन, भक्तिमय नृत्य और तुलसी पूजा आयोजित की गई। समापन अवसर पर बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों ने सराहा। सभी प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा और विशेष उपहार देकर प्रकृति संरक्षण, भक्ति और सेवा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।