झज्जर। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में 3 मई को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए शुक्रवार को बैठक हुई।
इसमें परीक्षा केंद्रों की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। डीसीपी दीप्ति गर्ग भी उपस्थित रहीं। केंद्रीय विद्यालय झज्जर की प्राचार्या मीता अधिकारी ने परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियों के बारे में जानकारी दी। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो।
उन्होंने बताया कि एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) द्वारा 3 मई को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के लिए जिले में 8 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें लगभग 2300 बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को प्रात: 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है जबकि परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
डीसी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एनटीए द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा जिसमें पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा आदि अनिवार्य होगी। खास तौर से दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित सुविधाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, नगराधीश रितु बंसीवाल, सिविल सर्जन डाॅ. मंजू कादयान, डीईओ रतिंद्र कुमार, डीईईओ राजबाला मलिक, भास्कर मिश्रा मौजूद रहे।