रुद्रपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत सात और 14 मई को एक से 19 वर्ष तक के 6,03,960 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया है कि सरकारी, गैर सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र और मदरसों में उक्त तिथियों को दवा खिलाई जाए्गी। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का आयोजन कर रहा है। बताया कि सात मई को मुख्य दिवस और 14 मई को मॉप अप दिवस के रूप में दवा खिलाई जाएगी। यानी कि 14 मई को सात मई को दवा खाने से वंचित बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।
उम्र के अनुसार एक से दो वर्ष के बच्चों को आधी गोली (पीसकर) और दो से तीन वर्ष तक के बच्चों को एक गोली (पीसकर) और तीन से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खानी होगी।
उन्होंने बताया कि पेट में कीड़े (कृमि संक्रमण) होने से बच्चों में खून की कमी (एनीमिया), कुपोषण और थकान जैसी समस्याएं हो जाती हैं। उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। एल्बेंडाजोल की गोली बच्चों को इन समस्याओं से बचाकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है।