झज्जर। वार्ड नंबर 6 और 9 के मातु सुरेश से महेंद्र आटा चक्की तक बनी सीसी सड़क के उखड़ने पर नगर परिषद ने संज्ञान लिया है। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता ने संबंधित फर्म को सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए हैं।
17 सितंबर को अमर उजाला में महीना भर भी नहीं टिकी 13.17 लाख की सीमेंटेड सड़क शीर्षक से खबर प्रमुखता से छपी थी। इसमें बताया गया था कि हिमालय स्कूल के पास बनी सड़क अगस्त के मध्य में ही तैयार हुई थी लेकिन इसकी रोड़ियां उखड़ने लगी थीं। इस मामले में जिला नगर आयुक्त ने जांच की बात कही थी। कार्यकारी अभियंता ने फर्म को पत्र जारी कर गली का मौका निरीक्षण किया।
निरीक्षण में निर्माण के दौरान लापरवाही पाई गई। सीसी की ऊपरी परत टूटने से नीचे का फाइन एग्रीगेट भी निकलना शुरू हो गया था। पत्र में कहा गया है कि सड़क बने ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। इसकी खराब स्थिति से नगर परिषद की छवि धूमिल हो रही है। फर्म को जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्वक सड़क दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।