बहादुरगढ़। विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास की फैक्टरियों में काम कर रहे कर्मचारी घबराकर बाहर निकल आए। कई लोगों को शुरुआत में लगा कि किसी बड़े बिजली ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ है।
घटना के समय आसपास की फैक्टरी में काम कर रहे रणजीत भाटी ने बताया कि अचानक तेज धमाके के साथ जमीन तक कांप उठी। उन्होंने बताया कि पहले जोरदार धमाके की आवाज आई और फिर धुएं का गुबार आसमान में दिखाई देने लगा।
कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा जैसे बहुत नजदीक कोई बड़ा ट्रांसफार्मर फट गया हो। कई कर्मचारी अपनी फैक्टरी छोड़कर बाहर सड़क पर आ गए और लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। भाटी ने बताया कि उन्होंने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
उन्होंने आग में झुलसे नीरू को तुरंत निकाला। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
जिस फैक्टरी में हादसा हुए उसके साथ लगती फैक्टरी के संचालक मनप्रीत ने बताया कि धमाका बेहद भीषण था। इस धमाके में उनकी फैक्टरी की दीवारों में बड़ी दरार आ गई।
फैक्टरी पूरी तरह हिल गई और कांच के शीशे टूट गए। एक बार तो लगा कि बाहर कोई बड़ा ट्रासंफार्मर फटा है। धमाके के बाद फैक्टरी से आग की लपटें भी उठती दिखाई दी।
धुआं ही धुआं हो गया। धुएं के कारण कुछ देर तक आसपास का इलाका ढका रहा। लोगों में इस बात को लेकर भी डर बना रहा कि कहीं फैक्टरी में रखे केमिकल के कारण कोई और बड़ा हादसा न हो जाए।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी मयंक मिश्रा, एसीपी दिनेश बॉक्सर, शहर थाना एसएचओ के अलावा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस भी पहुची। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा और लोग देर तक घटना की चर्चा करते रहे।
-फोटो 81 : हादसे की जानकारी देते चश्मदीद रणजीत भाटी। संवाद
-