-फोटो 82 : किसान को जागरूक करते कृषि विभाग के अधिकारी। स्रोत विभाग
बहादुरगढ़। धान की पराली जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बिना सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के कंबाइन हार्वेस्टर से कटाई करने पर मशीन जब्त करने के साथ पर्यावरण क्षतिपूर्ति जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
इसी कड़ी में वीरवार को गांव रोहद में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया। कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. सुनील कौशिक ने किसानों से पराली नहीं जलाने और उचित प्रबंधन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसान हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, मल्चर और रोटावेटर जैसे कृषि यंत्रों से फसल अवशेषों को मिट्टी में मिला सकते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।