झज्जर। हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की ओर से जिले के विभिन्न गांवों से लगने वाले लिंक रोडों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। इस कार्य पर लगभग 3 करोड़ 31 लाख 65 हजार 868 रुपये खर्च होंगे।
हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड ने लिंक रोडों की मरम्मत के लिए ऑनलाइन टेंडर लगा दिए हैं। इनमें कुछ 24 अप्रैल और कुछ 13 मई तक इनके लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। तकनीकी व फाइनेंशियल बिड खुलने के बाद ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे।
हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से ढाकला मोड़ से समसपुर माजरा, गिजादौड़ से सिलानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढाकला मोड से खुड्डन, कन्हौरी से कोका गांव तक लिंक मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जाएगी।
ढाकला मोड से समसपुर माजरा तक लगभग साढ़े पांच किलोमीटर, गिजादौड़ से सिलानी के राजकीय स्कूल तक लगभग साढे़ 6 किलोमीटर, ढाकला मोड से खुड्डन तक लगभग साढ़े 7 किलोमीटर, कन्हौरी से कोका गांव तक लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क की विशेष मरम्मत होगी। इन कार्यों पर लगभग एक करोड़ 47 लाख 22 हजार 362 रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से बादली गांव से गोयला कलां गांव तक भी लिंक रोड की मरम्मत करवाई जाएगी। लगभग साढ़े 8 किलोमीटर लंबे इस रोड के बनने से ग्रामीणों को फायदा होगा। इस पर करीबन एक करोड़ 38 लाख 77 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद 6 माह में यह काम पूरा करवाना होगा। हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन विशाल मिश्रा ने बताया कि अलग-अलग लिंक रोड की विशेष मरम्मत के लिए आनलाइन टेंडर लगाए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
बचे कार्य पर खर्च होगी 4566836 रुपये की राशि
हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से कुछ गांवों में चल रहे लिंक मार्गों के निर्माण के बचे हुए कार्य को पूरा किया जाएगा। इस पर 45 लाख 66 हजार 836 रुपये की राशि खर्च होगी। इसमें नया गांव से ईशरहेड़ी-दिल्ली बार्डर तक काम किया जाएगा।
इनके भी लगाए गए थे टेंडर
हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की तरफ पिछले दिनों कई अन्य गांवों के लिंक मार्गों की मरम्मत के टेंडर लगाए थे। इनमें सिलानी गांव स्थित ग्रामीण खेल स्टेडियम के साथ अप्रोच रोड, सिलाना से औरंगपुर और अमादलपुर अहरी रोड से कोका गांव तक लिंक मार्गों की विशेष मरम्मत होनी है। सिलाना से औरंगपुर तक लगभग साढे़ 9 किलोमीटर लंबे लिंक मार्ग की मरम्मत की जाएगी। अमादलपुर अहरी रोड से कोका गांव तक लगभग चार किलोमीटर लंबे लिंक मार्ग की मरम्मत होगी। इससे चार गांवों की लगभग 25 हजार की आबादी को फायदा होगा। इस पर करीबन 90.84 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह काम वर्क ऑर्डर जारी होने के पांच माह में पूरा करवाना होगा।