संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। गांव डीघल और बरहाणा में हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कोच देवेंद्र अहलावत ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
गांव डीघल में आयोजित लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में गांव डीघल की टीम ने प्रथम स्थान, गांव डीघल स्टेडियम की टीम ने द्वितीय, गांव गांगटान की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गांव बरहाणा में आयोजित लड़कों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में गांव डीघल की टीम ने प्रथम स्थान, गांव बरहाणा की टीम ने द्वितीय, गांव धांधलान की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं की भागीदारी ने खेलों के प्रति उनके उत्साह को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर कोच देवेंद्र अहलावत ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गांव बरहाणा में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ गांव के ही सरपंच ने किया और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डीएसओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान थीम पर जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।