साकार विश्व हरि (भोले बाबा) के सत्संग की तैयारियों के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव बौठा जमालपुर निवासी 30 वर्षीय झंडू भोले बाबा का शिष्य था। सोमवार को बंडा गांव में मक्कू सिंह के यहां भोले बाबा आने वाले थे। इसे लेकर मक्कू सिंह के नेतृतव में टेंट आदि लगाने का काम चल रहा था। सोमवार को बिजली लाइन डालते समय झंडू को करंट लग गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। कुछ लोग झंडू को सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने झंडू की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन परिवार के लोग झंडू को घर ले आए और उसे मिट्टी में दबा दिया। कुछ ही देर में झंडू ने दम तोड़ दिया।
जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। बता दें कि प्रत्येक रविवार को मक्कू सिंह के यहां भोले बाबा का फोटो रखकर क्षेत्र के लोग सत्संग करते हैं। सोमवार को खुद भोले बाबा यहां आने वाले थे।