बहादुरगढ़। गांव भापड़ोदा में दिल्ली पुलिस में तैनात एएसआई नरेंद्र (57) का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नरेंद्र मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे।
भापड़ोदा निवासी नरेंद्र दिल्ली पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत थे। वीरवार शाम को उनका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों को घटना का पता चला तो उन्होंने संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
आसौदा थाना एसएचओ जयभगवान ने बताया कि भापड़ोदा गांव में दिल्ली पुलिस के एएसआई ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की गई है।