बेरी। छोछी गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। गांव में लंबे समय से छोछी से बरहाना की फिरनी बनाने के लिए पंचायती राज विभाग की तरफ टेंडर लगाया गया है।
टेंडर होने के बाद फिरनी बनाने के कार्य को जल्द शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से गांव के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और धूल-मिट्टी व कीचड़ से भी निजात मिलेगी। इस निर्माण पर लगभग 60 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस योजना को पंचायती राज विभाग द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा।
विभाग की ओर से टेंडर की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुमित ने बताया कि फिरनी के अभाव में ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे।
रास्ते कच्चे होने के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो जाता था और कई बार लोगों को पैदल ही कीचड़ से गुजरना पड़ता था। उनका कहना है कि इस निर्माण कार्य से न केवल गांव की तस्वीर बदलेगी बल्कि आसपास के क्षेत्रों से संपर्क भी बेहतर होगा। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
वर्जन
गांव छोछी से बरहाना मार्ग की फिरनी कच्ची पड़ी हुई है और बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति हो जाती है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती हैं। अब फिरनी को बनाने के लिए पंचायती राज विभाग की तरफ से टेंडर लगा दिया गया हैं। जल्द ही वर्क ऑर्डर होने के बाद काम शुरू हो जाएगा। ग्रामीणों को समस्या से निजात मिलेगी।
अन्नू , सरपंच छोछी
वर्जन
गांव छोछी में फिरनी निर्माण कार्य के लिए टेंडर लगाया गया हैं। 60 लाख रुपये की लागत से फिरनी का निर्माण कार्य किया जाना हैं। वर्क ऑर्डर होने के बाद जल्द काम को शुरू करवा दिया जाएगा।
अनिल कुमार, कनिष्ठ अभियंता, पंचायती राज विभाग, बेरी