-फोटो 55 : नागरिक अस्पताल में बच्चों का इलाज कराने पहुंचे अभिभावक। संवाद
बहादुरगढ़। सर्दी के चलते नौनिहाल जल्द ही इसकी चपेट में आ जाते हैं। इन दिनों दोपहर की अपेक्षा सुबह व शाम को मौसम में ठंडक ज्यादा होती है। कई बच्चे दिन के समय गर्म कपड़े पहनने से कतराते हैं। ऐसे में शाम व सुबह के समय मौसम में ठंडक होने से बीमार हो सकते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अहिभूषण ने बताया कि अधिकतर बच्चे, खांसी, जुकाम व वायरल के आ रहे हैं। नागरिक असपताल में प्रतिदिन 100 से 120 बच्चे इलाज के लिए आ रहे हैं। एक-दो बच्चों को निमोनिया की शिकायत होने पर भर्ती भी करना पड़ रहा है।
हालांकि उन्हें कुछ समय बाद ही छुट्टी भी मिल रही है। अभी तापमान ज्यादा कम नहीं हुआ है। दोपहर के समय तेज धूप निकल रही है, लेकिन आने वाले दिनों में बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए अभिभावकों को सावधानियां बरतनी होगी।
सावधानी व बचाव
बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं। मगर, इस बात का ख्याल रहे कि बच्चे को सीधे तौर पर ऊनी कपड़े पहनाने से पहले उसके नीचे सूती कपड़ा जरूर पहनाएं। बच्चे को खांसी वायरल इंफेक्शन होने पर दूसरे बच्चों से दूर रखे। उसका रुमाल व तौलिया भी अलग रखें। खास कर नवजात शिशु जल्द इंफेक्शन की चपेट में आ जाते हैं। बच्चों को एक-दूसरे के कपड़े न पहनाएं।