44-काठमंडी निवासी सुनील हत्याकांड के आरोपी पुलिस गिरफ्त में। स्रोत : पुलिस
रोहतक। काठमंडी निवासी सुनील की हत्या ई-रिक्शा के पैसे न देने पर हुई थी। पुलिस ने बालंद हाल में जनता कॉलोनी निवासी सर्वेश, सुनारिया चौक निवासी तनवीर, हरिसिंह कॉलोनी निवासी कार्तिक व झज्जर के खेड़ी आसरा हाल में श्रीनगर कॉलोनी निवासी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि काठमंडी निवासी नीरज ने 28 जुलाई को शिकायत दी थी कि उनके भाई सुनील का जनता कॉलोनी निवासी सर्वेश के साथ पैसों का लेन-देन था। रात करीब एक बजे काले रंग की एक स्कॉर्पियो आई और उसमें सर्वेश, तनवीर, दीपक व कार्तिक सवार थे।
आरोपी डंडे व हथियार लिए हुए थे। वे सुनील का अपहरण कर भाग गए। पुलिस आरोपियों को तलाश नहीं सकी। उनका शव बेरी के पास नहर में मिला था। परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस ने अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सर्वेश का ई-रिक्शा का शोरूम है। सुनील ने शोरूम से ई-रिक्शा खरीदा था। ई-रिक्शा के पैसों को लेकर सर्वेश से फोन पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपी उनका अपहरण करके ले गए। इसके बाद हत्या करके शव फेंक दिया था।