जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के छात्रों और शोधार्थियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रो. सुनील कुमार फोगाट को डीन, फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस और चेयरपर्सन, अर्थशास्त्र विभाग, दोनों पदों के कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। इन दोनों पदों का कार्यभार डीन एकेडमिक अफेयर्स को सौंपा गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुलपति के आदेश पर यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। यह अगले आदेशों तक जारी रहेगी।
गौरतलब है कि 25 नवंबर को अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने विभाग में कथित अनियमितताओं, शोधार्थियों के उत्पीड़न, प्रशासनिक मनमानी और अन्य शिकायतों को लेकर विरोध जताया था। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाने की मांग की थी।