कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी और उसके अभिभावक। स्रोत : संस्था
झज्जर। इंडियन जागृति मंच और धनुर्धर धानक समाज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संवाद भवन में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
मंच के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष चैनसुख गुरहिया ने बताया कि वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में इस समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गीतांशु चावला ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने होनहार विद्यार्थियों से शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी रहते हुए अपने अभिभावकों व जिले का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन पर आधारित एक कविता भी सुनाई, जिसकी उपस्थित जनसमूह द्वारा सराहना की गई। इस दौरान दसवीं व बारहवीं कक्षा के करीब 180 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, पटका व मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर जहां उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त भारत संबंधी शपथ दिलाते हुए युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं होनहार विद्यार्थियों व अभिभावकों में पौधों का वितरण कर समाज में पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया गया। अति विशिष्ट स्थिति के रूप में पधारे रोहतक से मेरी देश मेरी विरासत संग्रहालय के संचालक डॉ. बालकृष्ण मल्होत्रा व नांगलोई से राजेंद्र खर्रा अति विशिष्ट अतिथि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन जय सिंह जीत ने किया।