इटावा। पटना-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन में टीटीई से विवाद के बाद नौसेना जवान की पत्नी चलती ट्रेन से कूदकर जान दे दी। कंट्रोल रूम में सूचना के बाद आरपीएफ-जीआरपी समेत सिविल पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। साथ ही आरपीएफ ने महिला के आठ सहयात्रियों समेत टीईटी से बयान दर्ज किए। इस दौरान यात्रियों ने टिकट बनवाने को लेकर महिला व टीटीई में विवाद की बात कही।
बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे पटना से आनंद विहार जा रही स्पेशल ट्रेन में सवार एक महिला साम्हों और भरथना रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से कूद गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना किसी यात्री ने रेलवे के कंट्रोल रूम 139 पर कर दी। आरपीएफ-जीआरपी के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर दाैड़ पड़ी और महिला के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कई घंटे के प्रयास के बाद महिला की पहचान कानपुर देहात के पुखराया निवासी भारतीय नौसेना जवान की पत्नी आरती देवी पत्नी अजय यादव के रूप में की गई है। महिला के ट्रेन से छलांग लगाने के पीछे टीटीई से विवाद की बात सामने आई है। आरपीएफ टीम ने महिला के साथ बैठे आठ सहयात्रियों से अलग-अलग बयान लिए। साथ ही टीटीई संतोष कुमार से बयान दर्ज किए।
इसके बाद ट्रेन के दादरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर रेलवे अफसरों ने सहयात्री व टीटीई से पूछताछ के बाद बयान दर्ज किए। इस दौरान यात्रियों ने टिकट दोबारा बनवाने को लेकर टीटीई से महिला का विवाद होने की बात कही। यात्रियों ने कहा कि महिला के पास ट्रेन संख्या 02563 नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेन का टिकट था जबकि वह पटना-आनंद बिहार स्पेशल ट्रेन में सफर रही थी। उधर, उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि महिला के ट्रेन से कूदने की जांच उच्चाधिकारी कर रहे हैं। इसमें महिला के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों समेत टीटीई के बयान दर्ज किए गए हैं। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साम्हों चौकी प्रभारी कोमल चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। इसमें पति समेत अन्य परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। परिजन आने पर पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा। परिजन अगर कोई तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।