झज्जर। शहर में अलग-अलग चार सरकारी केंद्रों से अब तक करीबन 5300 क्विंटल गेहूं के बीज को वितरित किया जा चुका है। इसके साथ ही अभी अलग-अलग केंद्रों पर आने वाले किसानों को लगातार गेहूं के बीज का वितरण किया जा रहा है।
झज्जर शहर में अभी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के पास स्थित हरियाणा बीज विकास निगम बीज बिक्री केंद्र और हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान पर गेहूं के बीज का वितरण हो रहा है। इसके साथ शहर की अनाज मंडी में स्थित इफकों केंद्र और 44 नंबर दुकान हैफेड पर गेहूं का बीज फिलहाल खत्म हो चुका है।
हरियाणा बीज विकास निगम बीज बिक्री केंद्र से अब तक लगभग 3030 क्विंटल गेहूं के बीज का वितरण किया गया है। हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान से लगभग 840 क्विंटल गेहूं के बीज का वितरण किया गया। इसके अलावा इफकों केंद्र से अब तक लगभग 1140 क्विंटल गेहूं के बीज का वितरण किया गया है। वहीं, 44 नंबर दुकान हैफेड लगभग 300 क्विंटल गेहूं के बीज को आने वाले किसानों को वितरित किया गया है।
रविवार को आया व वितरित किया गेहूं बीज
शहर झज्जर में रविवार को हरियाणा बीज विकास निगम बीज बिक्री केंद्र पर करीबन 350 क्विंटल गेहूं का बीज आया है। इसके अलावा हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान पर करीबन 250 क्विंटल गेहूं का बीज पहुंचा है। रविवार को हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान से करीबन 136 क्विंटल गेहूं के बीज का वितरण किसानों को किया गया। आज हरियाणा बीज विकास निगम और हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान पर गेहूं के बीज का वितरण किया जाएगा। अभी बीज केंद्रों पर 1402, 3369, 222, 372, 826 व 327 किस्म का गेहूं बीज बचा हुआ है, जिसको आज वितरित किया जाएगा।
वर्जन
हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम की दुकान पर आने वाले किसानों को गेहूं का बीज वितरित किया जा रहा है। अभी उनके पास करीबन 180 क्विंटल गेहूं का बीज बचा हुआ है, जिसको आगामी दिन में आने वाले किसानों को वितरित किया जाएगा।-बालकिशन शर्मा, उप प्रबंधक, हरियाणा भूमि सुधार विकास निगम झज्जर