केदारनाथ और बदरीनाथ में दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में दोपहर बाद मंदिर परिसर सहित चारों तरफ पहाड़ियों में तीन से पांच इंच बर्फ जम गई है।
धाम में पारा गिरने से ठंड भी बढ़ गई है। निम के सूबेदार कुंवर सिंह ने बताया कि दो दिन से मौसम बिगड़ने से पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। धाम में तापमान अधिकतम 6.5 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और गुप्तकाशी में दोपहर से तेज हवा के साथ बादलों की गर्जना होती रही। दो बजे बाद कुछ स्थानों पर रिमझिम बारिश तो कुछ स्थानों पर बारिश की तेज बौंछारें गिरी।
चमोली जनपद में लगातार दूसरे दिन भी सुबह से ही मौसम खराब रहा। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रूद्रनाथ, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है। दोपहर बाद बारिश होने से पांडुकेश्वर क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को सरफेसिंग और सीमेंट वर्क रोकना पड़ा।