बहादुरगढ़। शहर में चैत्र नवरात्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बाजारों में बुधवार से बिक्री तेज होगी। कंजकों को प्रसाद खिलाकर दिए जाने वाले टिफिन, प्लेट व नारियल के दाम 30 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के आगे महंगाई कोई मायने नहीं रखती।
रेलवे रोड पर अग्रसेन धर्मशाला के नजदीक दुकानदार रवि कुमार व राहुल का कहना है कि पर्व को लेकर बिक्री में तेजी है, हालांकि इस बार ग्राहकों की खरीदारी पर महंगाई का असर साफ नजर आ रहा है। इस बार नवरात्र में महंगाई का साया भी बना हुआ है। फल, सूखे मेवे, घी और पूजन सामग्री के दाम पिछले साल की तुलना में बढ़े हैं।
आलू, टमाटर, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और साबूदाना जैसी व्रत में इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम भी बढ़े हैं जिससे लोगों का बजट बिगड़ रहा है। नारियल 40 रुपये पर पहुंच गया है जबकि यह पिछली बार 30 रुपये का बिका था।
कंजकों को प्रसाद खिलाने के बाद दी जाने वाली प्लेटे, टिफिन व प्लास्टिक के अन्य सामान के दाम 30 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
श्रद्धालु राखी, पिंकी, सुनीता, राधिका, ईशा व सुमन का कहना है कि आस्था के आगे महंगाई कोई मायने नहीं रखती लेकिन खर्च जरूर बढ़ गया है। वहीं मंदिर समितियों द्वारा साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नवरात्र के नौ दिनों तक शहर भक्ति के रंग में रंगा रहेगा और जगह-जगह माता के जागरण, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों की धूम देखने को मिलेगी।