इटावा। जींगरपुर-अजबपुर की संगीता ने स्वयं सहायता से जुड़ने के बाद मिलेट्स आइटम (मोटा अनाज) से नमकीन, तिल, बाजारा, तिल, ज्वार आदि के लड्डू बनाकर हर माह 60 हजार रुपये कमा रहीं हैं। साथ ही क्षेत्र की 50 से अधिक महिलाओं को रोजगार दे रही हैं। बेहतर कार्य के लिए जिला प्रशासन उन्हें कई बार सम्मानित कर चुका है।
थाना बढ़पुरा के जींगरपुर-अजबपुर निवासी संगीता देवी ने दो साल पहले घर की चौखट का लांघ स्वयं सहायता समूह से जुड़ी। इस दौरान उन्होंने अपने समूह का नाम बजरंगी स्वयं सहायता समूह रखा। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की मदद से मिलेट्स आइटम (मोटा अनाज) से कई उत्पाद बनाना शुरू किए। इसमें नमकीन, ज्वार, बाजारा, तिल आदि के लड्डू के अलावा उसका पैक्ट आटा तैयार करना शुरू कर दिया। शुरुआत में उन्हें इस कार्य में परेशानी हुई।
उनके उत्पाद को बिकवाने में ग्रामीण स्वरोजगार मिशन की ओर से सहायता की गई। ब्लॉक व जिला अस्पताल पर लगने वाली प्रदर्शनी व मेले में उनके बनाए गए उत्पाद का स्टॉल लगाए जाने लगा। इससे उनके उत्पाद को पहचान मिली। आज उनके समूह में बनाए गए उत्पाद पूरे जिले में बिक्री हो रहे हैं। इससे वह प्रतिमाह करीब 60 हजार रुपये की बचत कर रही है। बेहतर कार्य करने पर डीएम शुभ्रांत शुक्ला समेत अन्य अफसर उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
संगीता देवी क्षेत्र की महिलाओं के लिए नजीर बन गई हैं। आज उनके समूह में 50 महिलाएं से अधिक महिलाएं काम कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। क्षेत्र की महिलाएं समूह से जुड़कर कम लगातार में अधिक मुनाफा कमा रही हैं।