राशन कार्ड बनाने में धांधली बरतने के विरोध में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते राजेश कुमार गुप्त।
नगर पालिका परिषद के सभासदों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी को सौंपकर नगर पालिका के अंदर बनाए गए राशन कार्ड में अनियमितता का आरोप लगाया है। सभासदों ने जांचकर पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिलापूर्ति कार्यालय बलिया द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राशन कार्ड बनाने में भारी अनियमितता की गई है। आरोप लगाया है कि जिलापूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा साजिश के तहत नगर पालिका परिषद द्वारा भेजी गई पात्रों की सूची को दर किनार करते हुए अपात्र लोगों के नाम से राशन कार्ड जारी किया गया है। जिससे पात्र लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
सभासदों ने सभी वार्डो के राशन कार्ड की सूची में दर्ज अपात्र लोगों का राशन कार्ड निरस्त करते हुए पात्रों को राशन कार्ड जारी करने की मांग की है। इस मौके पर राजेश गुप्ता, ददन यादव, संतोष वर्मा, सूर्यप्रकाश सिंह, आदर्श मिश्र, वीरजीत यादव, रामजी प्रसाद, शारदा देवी, विनय कुमार सिंह, चंदन गुप्ता, अमरजीत वर्मा आदि मौजूद रहे।