रेलवे प्रशासन के तत्काल बुकिंग शुरू करते ही ट्रेनों में वेटिंग शुरू हो गई। मुंबई की ट्रेनों में बुकिंग खुलते ही सीटें फुल हो गईं। रेलवे ने पहली जून से लखनऊ मेल, पुष्पक समेत देशभर में 200 ट्रेनों का संचालन फिर शुरू किया है। हालांकि, इन ट्रेनों को स्पेशल बनाकर चलाया जा रहा है।
इनमें तत्काल की सीटों की बुकिंग सोमवार से शुरू कर दी गई, जिसमें मंगलवार के लिए यात्रियों ने टिकट करवाया। मुंबई की ट्रेनों के तत्काल की सीटें बुकिंग खुलते ही फुल हो गईं। प्रीमियम तत्काल कोटे का किराया भी पहले की तरह हर सीट की बुकिंग के साथ बढ़ा। इन ट्रेनों में सामान्य आरक्षण की तरह वेटिंग रही।
इतना ही नहीं मुंबई के अतिरिक्त गुजरात व अन्य प्रदेशों की ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते 30 जून से तत्काल व प्रीमियम तत्काल के आरक्षण शुरू कर दिया। सोमवार सुबह 10 बजे से तत्काल सेवा शुरू हुई और देखते ही देखते पुष्पक में स्लीपर की वेटिंग 30 तक पहुंच गई।
इसका किराया 810 रुपये था, जो प्रीमियम तत्काल में 1115 रुपये पहुंच गया। इस ट्रेन की थर्ड एसी में भी वेटिंग रही, जिसका तत्काल का किराया 2085 और प्रीमियम तत्काल का किराया 2485 रुपये था। यही स्थिति कुशीनगर एक्सप्रेस, गोरखपुर एलटीटी, अवध एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी रही।