26jjrp01-जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता सेवकों को सम्मानित करती डीसी
झज्जर। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवकों को सम्मानित किया गया।
एडीसी एवं डीएमसी जगनिवास ने अतिथियों का स्वागत किया। डीसी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की रामायण ने विश्व को नई दिशा दी है। उनकी शिक्षाएं आज भी सत्य, कर्तव्य, नैतिकता और मर्यादा का मार्ग दिखाती हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि मानवता, समानता और नैतिक मूल्यों के प्रतीक हैं। उनकी रामायण भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादाओं से परिचित कराती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।
समारोह में जिले के सातों खंडों और शहरी निकायों से चयनित स्वच्छता सेवकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व चेयरपर्सन सुनीता चौहान, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।