-फोटो 83 : डेथमैन सीरीज 75 किमी दौड़ में भाग लेने वाले बीआरजी के धावक। स्रोत ग्रुप
- फोटो : Samvad
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के धावकों ने देश की पहली 75 किलोमीटर अल्ट्रा ट्रेल ऑब्स्टेकल रन डेथमैन सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम रोशन किया। देहरादून से धनोल्टी (देवमाल्टा) के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में बीआरजी के धावकों ने चुनौतीपूर्ण बाधाओं को पार कर शीर्ष स्थान हासिल किए। प्रतियोगिता में बीआरजी के धावक गुलाब सिंह ने दूसरा और कर्नल कृष्ण बधवार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
बीआरजी के संस्थापक दीपक छिल्लर ने बताया कि करीब 4,400 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस प्रतियोगिता को देश की सबसे कठिन अल्ट्रा रन माना जाता है। इसमें प्रतिभागियों को दौड़ के साथ 500 मीटर फ्लेम कैरी रन, तीन किलोमीटर टायर कैरी रन, सात किलो वजन के साथ बैक कैरी, प्लैंक, पुशअप्स, बर्पीज, सिट-अप्स और नदी रन जैसी बाधाओं को पार करना पड़ता है।
इस स्पर्धा में धावक नीरज छिल्लर सातवें स्थान पर रहे जबकि डॉ. इमरोज ने भी तय समय सीमा के भीतर रेस पूरी कर डेथमैन वॉरियर का खिताब हासिल किया।