गांव लुहारा के समीप मंगलवार को कार और जीप में हुई भिंड़त में कार चालक की मौत हो गई। वहीं जीप में सवार सोलह लोग घायल हो गए। घायलों में पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बठिंडा जिले की स्पिनिंग मिल में काम करने वाले कर्मचारियों से भरी जीप सुबह सवा सात बजे दोदा से रवाना हुई। गांव लुहारा के पास पहुंची तो जीप चालक संतुलन खो बैठा।
इससे जीप बठिंडा की ओर से आ रही वरना कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार चालक गुरजीत सिंह उर्फ गोल्डी निवासी पटियाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जीप में सवार सभी सोलह लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।
गांव के लोगों ने उन्हें तुरंत दोदा के हेल्थ सेंटर में दाखिल कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद पांच गंभीर घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों में वीरपाल कौर, पूजा रानी, गुग्गू, जसविंदर कौर, करमजीत कौर, कुलविंदर कौर, अमरजीत कौर, अर्शदीप कौर, परमजीत कौर, रमन कौर, लवजिंदर कौर, गुरविंदर सिंह, हैप्पी सिंह, लवली सिंह व जीप चालक वकील सिंह गांव सिखवाला शामिल हैं। एसएमओ डॉ. बलविंदर सिंह ने बताया कि गंभीर रूप में घायल पांच लोगों को फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।