झज्जर। जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एडीसी जगनिवास ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर, प्रभावी और संतोषजनक तरीके से हो। शिविर में पानी, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, सड़क, परिवार पहचान पत्र, आवास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को तय समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जिला प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।