सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के वार गांव में सरकार भूमि पर कुछ लोगों द्वारा प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य कराने का मामला तूल पकडने लगा है। रविवार को कई ग्रामीणों ने एसडीएम से सरकारी भूमि बन रहे आवासों को बंद कराने की मांग की। मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम शादाब असलम क्षेत्रीय लेखपाल और पुलिस को भेज कर निर्माण कार्य रूकवा दिया। लाभार्थियों को भूमि की नापी न होने तक काम बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राबट्र्सगंज ब्लॉक के वार गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन-चार लाभार्थियों का आवास आवांटित हुआ है। शासन से पहली किश्त मिलने के बाद लाभार्थियों ने आवासों का निर्माण कार्य शुरू कराना शुरू किया तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। रविवार को कुछ लोगों ने एसडीएम को अवगत कराया कि लाभार्थी जबरदस्ती ग्राम सभा की भूमि पर निर्माण कार्य करवा रहे हैं। इसको लेकर लोगों में नाराजगी है। आवासों का निर्माण कार्य बंद नहीं कराया गया तो विवाद भी हो सकता है। एसडीएम ने चुर्क चौकी प्रभारी पुरूषोत्तम सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल को भेज कर काम बंद करवा दिया। उपजिलाधिकारी शादाब असलम ने कहा कि लाभार्थियों का कहना है वे लोग जिस भूमि पर वर्षों से काबिज है उसमें बना रहे हैं। विरोध करने वालों का आरोप है कि ग्राम सभा की सार्वजनिक जमीन पर आवासों को बनवाया जा रहा है, इसलिए निर्माण कार्य रूकवा दिया गया है। कहा कि क्षेत्रीय लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।