रामजानकी मंदिर में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : amarujala
हरदोई। जिलेवासियों ने नूतन वर्ष के पहले रविवार को अपने धर्म के अनुसार भगवान के समक्ष माथा टेक अमन चैन की दुआएं मांगी। मंदिर, मस्जिद से लेकर गुरुद्वारा में अरदास की गई।
नए साल पर उम्मीदों एवं मन्नतों को मांगने का आगाज रविवार की सुबह से शुरू हो गया। सर्व-धर्म के लोगों ने अपनी रीति नीति के अनुसार पूजा करने के साथ देश और समाज में अमन चैन की दुआएं मांगी।
मंदिरों में जहां घंटे, घड़ियाल बजे और लोगों ने मत्था टेक प्रार्थना की तो मस्जिदों में नमाज अता करने के साथ लोगों के हाथ दुआओं के लिए उठे। गिरजाघराें में उपदेश देने के साथ प्रार्थना हुई और गुरुद्वारों में अरदास लगाते हुए प्रार्थना की।
शहर स्थित प्रमुख मंदिरों में हरदोई बाबा मंदिर, लखनऊ रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर, बडे़ चौराहे स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर, छोटा चौराहा स्थित बाबा तुरंतनाथ मंदिर, नुमाइश चौराहा स्थित शिव भोले मंदिर, आंनद सिनेमा रोड स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, नघेटा रोड स्थित श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर एवं खेतुई स्थित बाला जी मंदिर पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से शुरू हुआ और देर दोपहर तक चलता रहा लोगों ने मंदिरों में मत्था टेक भगवान से समाज और देश में सुख समृद्धि तथा शांति आने की प्रार्थना की।
प्रसाद चढ़ाया और लोगों के मध्य प्रसाद का वितरण किया। इधर, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में जाकर नमाज अता की। लोगों ने खुदा से देश और समाज की सलामती तथा अमन चैन की दुआएं मांगी। शहर स्थित सभी मस्जिदों में नमाज अता कर दुआएं मांगने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। सिख धर्म के लोगों ने गुरुद्वारों में अमन चैन की अरदास लगाते हुए प्रार्थना की तथा लंगर का आयोजन किया। महात्मा गांधी मार्ग स्थित गिरजाघर में फादर ने सभी को अमन चैन एवं सुख शांति तथा आपसी सद्भाव का संदेश देते हुए प्रार्थना कराई ।