बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 निवासी मोटरस्पोर्ट्स खिलाड़ी प्रतीक दलाल ने थाईलैंड में आयोजित एशिया पैसिफिक मोटरस्पोर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
23 से 25 अक्तूबर तक पटाया के बीरा सर्किट में हुई प्रतियोगिता में उन्होंने 16 देशों के 35 ड्राइवरों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया पैसिफिक जिमखाना चैंपियन का खिताब हासिल किया। फाइनल में प्रतीक ने 53.409 सेकंड का समय लेकर थाईलैंड के अपिलुक लोटागा (53.765 सेकंड) को 0.356 सेकंड से हराया।
फेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब्स ऑफ इंडिया (एफएमएससीआई) के तहत भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतीक वर्ष 2010 से मोटरस्पोर्ट्स में सक्रिय हैं। वह अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 150 से अधिक पोडियम फिनिश हासिल कर चुके हैं। रेसिंग, रैली, ड्रिफ्टिंग, ऑटोस्लैलम और जिमखाना जैसी विधाओं में उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है।
पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीते पदक
प्रतीक ने वर्ष 2018 में थाईलैंड में आयोजित एएजीसी प्रतियोगिता में तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता था। एसजीटीसी थाईलैंड चैंपियनशिप के पुरुष सोलो वर्ग में वह दूसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2024 में वियतनाम के हनोई में एशियन ऑटो जिमखाना चैंपियनशिप के पुरुष सोलो और पुरुष डबल्स वर्ग में उपविजेता बने। वहीं, वर्ष 2026 में एएजीसी कजाकिस्तान राउंड-1 के पुरुष सोलो वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। थाईलैंड में मिली स्वर्णिम सफलता उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है।