बहादुरगढ़ (झज्जर)। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए बहादुरगढ़ के बॉर्डरों पर पुलिस ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है। टिकरी और झाड़ौदा बॉर्डर पर दो दिनों में पुलिस ने 45 ऐसे वाहनों को लौटा दिया जो तय मानकों पर खरे नहीं उतर रहे थे। इनमें 12 ट्रैक्टर, मालवाहक ट्रक और अन्य वाहन शामिल थे।
विज्ञापन
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मद्देनजर सीएक्यूएम के निर्देशों के तहत बीएस-6 से नीचे श्रेणी के वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। टिकरी बॉर्डर पर 15 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है जो 24 घंटे वाहनों की जांच कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को मौके से ही वापस भेजा जा रहा है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में ही बीएस-6 से नीचे श्रेणी के करीब 20 हजार वाहन पंजीकृत हैं जिन पर भी प्रशासन की विशेष नजर है। इन वाहनों के मालिकों को नियमों का पालन करने और अनावश्यक रूप से दिल्ली में प्रवेश न करने की सलाह दी जा रही है।
विज्ञापन
अधिकारियों ने साफ किया कि लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ आगे और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। बॉर्डर पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी दबाव में नियमों से समझौता न किया जाए और प्रदूषण नियंत्रण के सभी आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।