मेरठ में लग्जरी गाड़ियों की लूट करने वाले गैंग को गंगानगर पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार कर तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। गैंग का सरगना अभी फरार है, जिसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
दिल्ली निवासी सचिन ने कसेरूबक्सर और गंगानगर में लग्जरी गाड़ियों की सर्विस के लिए गैराज खोल रखा है। यहां कई लोग काम करते हैं। सोमवार देर रात राधा गार्डन नाले पर एक होंडा सिटी का एक्सीडेंट हुआ। इसमें कार चालक दिलीप घायल हो गया था। पुलिस ने दिलीप से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह गाड़ी सचिन की है। सचिन दिल्ली का निवासी है। सचिन ने एक लूट का गिरोह बनाया हुआ है। वह दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ समेत कई राज्यों में लग्जरी गाड़ियां लूटता है। सचिन लूट की गाड़ियों को गैराज में रखता है। यहां उनकी नंबर प्लेट और इंजन नंबर बदलकर बेच दिया जाता था। पुलिस ने दिलीप के एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी सचिन अभी फरार है। जिसकी तलाश में गंगानगर पुलिस दबिश दे रही है।
वहीं मेरठ की टीपी नगर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने वाला गैंग मंगलवार को दबोच लिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के दो ट्रैक्टर-ट्राली बरामद किए है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि पकडे़ गए आरोपी इकराम पुत्र जान मोहम्मद निवासी कायस्थ बड्ढा किठौर, इकबाल पुत्र आलमगीर, सलीम पुत्र नसीरूद्दीन निवासी सिटी गार्डन, थाना ब्रह्मपुरी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को टीपीनगर पुलिस ने मलियाना बंबा पुलिया से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गाजियाबाद की विजय नगर पुलिस ने जल्द अमीर बनने की चाहत और मौज-मस्ती के लिए वाहन चोरी करने वाले गैंग के दो शातिरों को अरेस्ट किया है। आरोपियों से नौ बाइक बरामद हुई हैं। पकडे़ गए बदमाशों में से एक पॉलिटेक्निक का छात्र है। हालांकि गैंग का सरगना पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
पकड़े गए आरोपियों में दीपक निवासी सेक्टर-9 विजय नगर और राहुल उर्फ शिव गोविंद निवासी चरण सिंह कॉलोनी विजय नगर शामिल हैं। एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि आरोपी राहुल मेरठ के एक कॉलेज में पॉलिटेक्निक सेकेंड ईयर का छात्र है, जबकि दीपक एक कंपनी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। गैंग का मास्टर माइंड उज्ज्वल निवासी माधोपुरा विजय नगर पुलिस को चकमा देकर भाग गया। आरोपी एक साल में 20 से अधिक वाहनों को चुरा चुके हैं। चोरी के वाहनों को चार से 12 हजार रुपये में बेच देते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नोटबंदी के कारण वाहनों को बेचने में उन्हें मुश्किलें आ रही थी।