झज्जर। जिले के गांव दुबलधन निवासी कबड्डी खिलाड़ी पुनीत कादयान आगामी प्रो-कबड्डी लीग में दम दिखाएगा। पुनीत कादयान फिलहाल बंगाल वारियर्स के साथ जुड़कर कबड्डी का अभ्यास कर रहा है। पुनीत को बंगाल वाॅरियर्स ने ऑक्शन से पहले ही 22 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। पुनीत को लेफ्ट रेडर के रूप में बंगाल वॉरियर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।
29 अगस्त से प्रो-कबड्डी लीग के 12 सीजन की शुरुआत हो रही है। इसमें हरियाणा सहित अलग-अलग प्रदेशों के खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। वहीं जिले के गांव दुबलधन निवासी पुनीत कादयान भी इस लीग में अपना दम दिखाएंगे। पुनीत कादयान का पहली बार प्रो-कबड्डी लीग में चयन हुआ है।
पुनीत आठ वर्ष की आयु से अपने मामा जगमाल के पास कबड्डी का अभ्यास कर रहा है। उसके मामा सोनीपत जिले के गांव रिढाना में कबड्डी के कोच है।
पुनीत के ताऊ पवन ने बताया कि वह 15 जुलाई को गांव से बंगाल वारियर्स के कैंप में अभ्यास करने के लिए टीम से जुड़ा है। पुनीत जाते समय ही अपनी बहन मीनू से राखी बंधवाकर गया था। पुनीत ने जाते समय कहा था कि वह रक्षाबंधन पर बहन को मिस करेगा।