09jjrp18- पटवार भवन में धरने पर बैठे पटवारी। संवाद
झज्जर। द रेवेन्यू पटवार व कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले वीरवार को पटवारियों ने नवनियुक्त प्रशिक्षु पटवारियों के वेतन से जुड़ी समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता राजबीर गुलिया ने की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल 2605 पटवारी भर्ती किए गए थे जिनको अभी तक प्रशिक्षण अवधि के दौरान वेतन नहीं मिल रहा है।
पटवारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही वेतन से संबंधित नोटिफिकेशन जारी नहीं किया तो वह इस बार काली दीपावली मनाएंगे। प्रदर्शनकारी पटवारियों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह से जायज हैं और सिर्फ वही लागू करने की मांग है जिसका वादा स्वयं मुख्यमंत्री ने किया था।
जिले के पटवारियों के हड़ताल पर रहने से पटवारखानों में काम नहीं हुआ। खेतों में जमीन गिरदावरी का कार्य पूर्ण रूप से ठप रहा। इससे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, फर्द के कार्य प्रभावित हुए।
गुलिया ने कहा कि 7 जनवरी को पंचकूला में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पटवारियों के लिए प्रशिक्षण की समय अवधि डेढ़ साल के बजाय एक साल करने, प्रशिक्षण की समय अवधि को सर्विस पीरियड में शामिल करने और प्रशिक्षण अवधि के दौरान पूरा वेतनमान देने की घोषणा की थी लेकिन अब तक लागू नहीं किया गया।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि प्रशिक्षु पटवारियों के लिए जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाए। इससे राज्यभर के पटवारियों, कानूनगो व प्रशिक्षु पटवारियों को काली दिवाली न मनानी पड़े।