झज्जर। जिले के साल्हावास ब्लॉक के धनीरवास गांव में छह खेतों के रास्तों को पक्का किया जाएगा। पंचायती राज विभाग ने इसके लिए 2 करोड़ 61 लाख 67 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया है। विभाग की ओर से 21 अक्तूबर तक ऑनलाइन निविदाएं मांगी गई हैं।
वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद चार माह में निर्माण कार्य पूरा करना होगा। रास्ते पक्के होने से किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विभाग के अनुसार, पीडब्ल्यूडी रोड से दल सिंह फौजी के फार्म तक रास्ता पक्का करने पर 52 लाख 56 हजार रुपये खर्च होंगे। जोगेंद्र के खेत तक रास्ते के निर्माण पर 43 लाख 49 हजार रुपये और आदेश फौजी के मकान तक खेतों के रास्ते पर 44 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसी तरह पीडब्ल्यूडी रोड से विजेंद्र के खेत तक रास्ता पक्का करने पर 33 लाख 74 हजार रुपये, शांति के खेत तक रास्ते पर 58 लाख 20 हजार रुपये और करतार के मकान तक खेतों के रास्ते पर 29 लाख 18 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। फिलहाल इन स्थानों पर रास्तों की स्थिति ठीक नहीं है। निर्माण कार्य पूरा होने से किसानों को खेतों तक आने-जाने में राहत मिलेगी।