30jjrp01- गांव बिठला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान शिकायतें सुनती डीसी। स्रोत : प्रचार व
झज्जर। गांव बिठला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी वर्षा खांगवाल ने की। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से डीसीपी धारणा यादव भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए गांव व आसपास के क्षेत्रों से आई लगभग 600 शिकायतें और सुझाव सुने।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में गांव बिठला के पांच दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, फसल बीमा, सेम की समस्या से निजात, पशु चिकित्सा केंद्र, अवैध कब्जे हटवाने, बिजली और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं।
डीसी ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच आत्मीयता और विश्वास का संचार होता है। डीसी ने कहा कि नागरिकों ने बहुत ही अच्छे तरीके से अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कारों के लिए प्रेरित किया। साथ ही पात्र लाभार्थियों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
एसीपी सुरेंद्र कंबोज ने ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर जानकारी दी। डीईओ रतिंद्र सिंह ने ग्रामीणों को एसएमसी के कार्यों और दायित्वों की जानकारी देते हुए बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया।