झज्जर। बेरी शहर के दूबलधन चौक पर शराब ठेके के पास दो व्यक्ति बेसुध मिले। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सूचना मिलने पर दोनों को बेरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान करीब 36 वर्षीय अखिलेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे व्यक्ति नौशल को नागरिक अस्पताल झज्जर रेफर किया गया। नौशल के होश में आने पर दोनों की पहचान सगे भाइयों के रूप में हुई। वे उत्तर प्रदेश के लखीमपुरा खीरी के गांव अमेठी निवासी थे और बेरी में मजदूरी करने आए थे। पुलिस ने अखिलेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
बेरी थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सोमवार को दूबलधन चौक पर दो लोग बेसुध मिले थे। उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां एक की मौत हो गई। दूसरे को तीन दिन बाद होश आया, जिसके बाद उनकी पहचान हो सकी। दोनों ने शराब पी रखी थी। मौत के कारणों का पता फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।