जींद। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं एनीमिया जागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा सैनी मुख्य अतिथि रहीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और आमजन को संतुलित आहार, स्वस्थ खान-पान और एनीमिया से बचाव की जानकारी दी।
डीपीओ सीमा रोहिला ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोगों को दैनिक आहार में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने के बारे में जागरूक किया गया। एनीमिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय बताते हुए आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया।
हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, सोयाबीन, गुड़ और तिल को नियमित भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। अभिभावकों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और अन्य लाभार्थियों को दिए जाने वाले पोषण संबंधी खाद्य पदार्थों के महत्व की जानकारी दी गई।
इनमें मुरमुरा, सोयाबीन, दलिया, बाकली, चूरमा, दूध और प्रोटीन मिल्क बार शामिल हैं। विशेष रूप से कम वजन वाले बच्चों के शारीरिक विकास के लिए पौष्टिक खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन पर जोर दिया गया। इस अवसर पर सीडीपीओ सुमन, सीडब्ल्यूसी सदस्य नीरज देवी, आईसीपीएस से सीमा और ममता, रॉकेट लर्निंग से ज्योति और कृष्ण तथा प्ले स्कूल कोऑर्डिनेटर बबीता हुड्डा मौजूद रही।