झज्जर। शहर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले मुक्केबाज गांव ढाकला निवासी नितिन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई नेशनल मुक्केबाजी चैंपियनशिप के 50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
नितिन कुमार ने प्रतियोगिता के दौरान अपने बेहतरीन खेल कौशल, तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। कोच हितेश देशवाल ने बताया कि नितिन कुमार झज्जर स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करता है और प्रशिक्षण के दौरान कड़ी मेहनत एवं अनुशासन का परिचय देता है।
उन्होंने कहा कि यह नितिन की सफलता उसकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। कोच हितेश देशवाल ने नितिन कुमार को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि झज्जर स्टेडियम के खिलाड़ी लगातार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और भविष्य में भी यहां से कई प्रतिभावान मुक्केबाज देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। नितिन कुमार की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।