शादी के दूसरे दिन ही नकदी ज्वेलरी लेकर भागी दुल्हन
छतारी। विवाह के दूसरे दिन ही दुल्हन ससुराल वालों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी-ज्वेलरी लेकर रफूचक्कर हो गई। एसएसपी के निर्देश पर घटना के डेढ़ माह बाद थाना पुलिस ने दुल्हन समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव नाई नगला निवासी अशोक ने बताया कि गांव के ही संतोष ने उसकी शादी दिल्ली निवासी एक गरीब घर की लड़की से करवाने का झांसा दिया। आने-जाने और खाने-पीने के खर्चे के लिए संतोष ने 50 हजार रुपये मांगे। उसकी बात में आकर उनके पिता ने गांव के कुछ लोगों से रकम उधार लेकर संतोष को दे दी। 22 जून को संतोष पूजा नाम की लड़की को लेकर घर आया। पूजा के साथ उसका भाई भी था। गांव वालों के सामने मंदिर में उसकी और पूजा की शादी जयमाल डालकर संपन्न हो गई। इसके बाद वह पूजा, उसके भाई को लेकर घर आ गया। रात के समय पूजा ने घर वालों के लिए खाना बनाया। आरोप है कि खाने में नशीला पदार्थ होने के कारण सोने के बाद परिवार के लोग अचेत हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर में पूजा, उसका भाई नहीं थे। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं घर में रखे उसकी मां के सोने-चांदी के जेवर, दस हजार रुपये और मोबाइल गायब था। अशोक का आरोप है तहरीर मिलने के बाद भी थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।