बहादुरगढ़। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कहा कि देश और प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है।
भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन हकीकत यह है कि नौकरियों से पहले ही परीक्षाएं विवादों में घिर जाती हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है।
आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार को इस मामले की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए और पेपर लीक के पीछे शामिल बड़े नेटवर्क को बेनकाब करना चाहिए।