बहादुरगढ़। पूर्व विधायक एवं इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी की हत्या के दौरान बदमाशों ने 24 गोलियां चलाई थीं। 24 फरवरी को इन गोलियों के खोल का पलंदा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की पंचकूला स्थित विशेष अदालत में पेश किया। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश राजीव गोयल ने की।
पलंदा में 7.62 बोर के 14, 0.45 बोर के 6 और 7.65 बोर के 4 खाली कारतूस थे। जांच करने के बाद पलंदा (जिस पोटली में गोलियों के खोल को सील बंद रखी था) को सील कर सुरक्षित रखवा दिया है। सीबीआई की ओर से मौके की गवाह बनाई गई महिला पुलिस अधिकारी के बयान भी दर्ज कराए हैं।
गवाह नंबर 11 बनाए गए यहां के एक डॉक्टर की गवाही समय के अभाव के कारण नहीं हुई। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। अदालत ने आदेश दिया कि संबंधित गवाह डॉक्टर हैं, इसलिए उनकी गवाही पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमों के तहत दर्ज की जाएगी।
उपमंडल न्यायालय बहादुरगढ़ से उनकी गवाही होगी। अदालत ने 10 दिसंबर 2025 के आदेश के अनुपालन में संबंधित स्थायी समिति से गवाहों की सुरक्षा को लेकर मांगी गई रिपोर्ट प्राप्त न होने पर दूसरी बार रिमाइंडर जारी करने के निर्देश दिए।
गोलियां मारकर हुई थी पूर्व विधायक की हत्या
बराही रेलवे फाटक के पास 25 फरवरी 2024 को पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोलियां मारकर हत्या हुई थी। उनके साथ पार्टी कार्यकर्ता जयकिशन दलाल की भी मौत हो गई थी जबकि ड्राइवर राकेश और निजी गनमैन संजीत घायल हुए थे। स्वजनों की मांग पर 2 मई 2024 को सीबीआई ने जांच शुरू की थी। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं यूके में बसे कुख्यात बदमाश कपिल सांगवान उर्फ नंदू, शूटर अतुल गुलिया, नकुल सांगवान व एक अन्य आरोपी खुशप्रीत लाठर फिलहाल गिरफ्त से बाहर हैं जिन्हें कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर रखा है।