घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव में मंगलवार की रात वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मामला भूमि विवाद का बताया जा रहा है। सेवालाल बैसवार (65) अपने घर से कुछ दूर खेत में मचान पर सोया हुआ था। गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप है कि उन लोगों ने सेवालाल की हत्या कर दी और लाश को खेत में फेंक कर फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ विवेकानंद तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
बुधवार को परसौना गांव से पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शिवद्वार गांव निवासी सेवालाल बैसवार (65) पुत्र धनई परसौना गांव निवासी रामपति कोल से तीन बीघा जमीन खरीद था। उक्त जमीन का खारिज दाखिल हो गई है और वह उस पर काबिज भी है। वर्तमान में सेवालाल परसौना गांव में ही घर बनवाकर अपनी पत्नी जीरवा, बहू उर्मिला के साथ परसौना रह रहा था।
सोमवार की सांय करीब चार बजे सेवालाल ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवा रहा था। उसी समय उसी के गांव के चार लोग पहुंच कर सेवालाल को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। रात्रि में करीब सवा दस बजे कुछ लोग मचान पर सो रहे सेवालाल को जगाने लगे तो मचान से उतरकर सेवालाल भागने लग। लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़ कर धारदार हथियार से हत्या कर शव को पानी भरे खेत में फेंक दिया।
मंगलवार को परिजन खेत पर गए तो मचान से करीब बीस मीटर दूर खेत में सेवालाल का शव पड़ा था। सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया शिवद्वार गांव निवासी मृतक के बेटे राजेंद्र की तहरीर पर रामपति कोल, लोकपति कोल पुत्रगण स्वं सन्नी कोल, उमाशंकर कोल पुत्र रामपति एवं सौरभ कोल पुत्र लोकपति कोल के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उन्हेें गिरफ्तार किया।